विनय पाठक:
प्रतापगढ़(ABK24NEWS)। राज्यसभा में उपनेता प्रतिपक्ष व वरिष्ठ सांसद प्रमोद तिवारी की सुपुत्री, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता तथा रामपुर खास से लोकप्रिय विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित किए जाने की खबर मिलते ही पूरे प्रतापगढ़ जिले में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई। इस ऐतिहासिक फैसले के बाद जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण इलाकों तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया।
शहर के अंबेडकर चौराहे पर जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने ढोल-ताशों की गूंज पर जमकर नृत्य किया और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और उत्तर प्रदेश कांग्रेस की नवनियुक्त अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ को बधाई व शुभकामनाएं दीं।
जश्न के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व—राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, जननायक राहुल गांधी एवं राष्ट्रीय महासचिव सांसद प्रियंका गांधी—का सहृदय आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व की उम्मीदों पर मोना जी पूरी तरह खरी उतरेंगी। प्रतापगढ़ की बेटी को प्रदेश कांग्रेस की कमान मिलने से कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व ऊर्जा और नया उत्साह देखने को मिल रहा है। आज पुनः प्रतापगढ़ का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हुआ है। संविधान सभा के सदस्य, प्रतापगढ़ के प्रथम सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मुनिश्वरदत्त उपाध्याय के लंबे अंतराल के बाद किसी स्थानीय नेता को यह शीर्ष जिम्मेदारी मिलना जिले के लिए अत्यंत गर्व की बात है।
पीसीसी सदस्य डॉ. प्रशांत देव शुक्ला ने इस अवसर पर कहा कि पंडित मुनिश्वरदत्त उपाध्याय जी की महान राजनीतिक विरासत वाली इस पावन धरती की बेटी को यह जिम्मेदारी मिलना प्रतापगढ़ के हर नागरिक और कांग्रेसजन के लिए एक ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण है। वहीं, पीसीसी सदस्य इरफान अली ने विश्वास जताया कि मोना जी के लंबे राजनीतिक अनुभव, निरंतर संघर्ष और संगठन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से पूरे प्रदेश में पार्टी नए सिरे से मजबूत होगी।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर अध्यक्ष मोहम्मद इस्तियाक, महेंद्र शुक्ला, वेदांत तिवारी, संतोष सिंह, इम्तियाज अहमद, विजय शंकर त्रिपाठी, प्रेम शंकर द्विवेदी, मौलाना वाहिद, राम शिरोमणि वर्मा, रवि भूषण सिन्हा, मासूम हैदर, गल्ली तिवारी, सूर्य प्रकाश शुक्ला, डॉ. दीपक शुक्ल, सुरेश कुमार सरोज, मोहम्मद वसीम, रियाज सुल्तान, प्रदीप द्विवेदी, मकरंद शुक्ला, भवानी शंकर दुबे, लल्लन सिंह, तनवीर खान, सुनीता सिंह पटेल, सरोज कश्यप, अंजली उपाध्याय, इंदिरानंद तिवारी, अशोक सिंह, सलमान खान, विजय प्रताप त्रिपाठी, चंद्रनाथ शुक्ला, आशिक अली, धर्मराज सिंह, राजेंद्र वर्मा, ओमप्रकाश सरोज, मोहम्मद असलम खान, के.के. शुक्ला, हजारीलाल वर्मा, अबू सहमा, राधे श्याम दूबे, विनय गुप्ता, फतेह बहादुर सिंह, कपिल ओझा, अंजनी कुमार पांडे, श्याम शंकर तिवारी, सर्वेश शुक्ला, उर्मिला देवी, सोनम, ममता देवी, चंद्रभान पांडे, राम बहादुर सिंह, उमेश तिवारी, पृथ्वीराज गौतम, मोहम्मद शब्बीर एवं अब्दुल जब्बार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।










