सम्पूर्ण समाधान दिवस: एसपी दीपक भूकर ने तहसील सदर में सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

प्रतापगढ़ (ABK24NEWS)। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को तहसील सदर में पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर द्वारा आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना गया। जनसुनवाई के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर अनुष्का शर्मा तथा क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा भी उपस्थित रहे।

जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को सुनते हुए एसपी दीपक भूकर ने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की वस्तुस्थिति की जानकारी ली। तत्पश्चात प्राप्त प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए निर्देशित किया गया कि प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता व संवेदनशीलता के दृष्टिगत नियमानुसार पारदर्शी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में निष्पक्षता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। पुलिस से संबंधित मामलों में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे स्वयं मौके पर जाकर दोनों पक्षों के साक्ष्यों एवं तथ्यों का संज्ञान लें तथा वैधानिक कार्यवाही करें। वहीं, भूमि विवाद एवं राजस्व से जुड़ी शिकायतों के निपटारे के लिए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर त्वरित व निष्पक्ष कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से निरंतर समन्वय बनाए रखने और पूरी प्रक्रिया की प्रभावी मॉनिटरिंग कर समयबद्ध आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। एसपी ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण समाधान कराया जाएगा।

ABK 24 News
Author: ABK 24 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें