विनय पाठक:
प्रतापगढ़(ABK24NEWS)। रामलीला समिति की ओर से गुरुवार को बेल्हा शहर में भगवान श्री राम की बारात धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। इस अवसर पर डीजे, बैंड-बाजे और भक्तिमय धुनों के साथ कई दल शहर की विभिन्न सड़कों पर निकले। पूरा क्षेत्र भगवान श्री राम के जयकारों से गूंज उठा और माहौल पूरी तरह से भक्तिमय बना रहा।

शहर में बारात का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। बारात के भगवा चुंगी पहुँचने पर स्थानीय लोगों ने भगवान श्री राम की बारात की आरती उतारी और बारातियों के लिए जलपान की व्यवस्था की। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियों को देखने के लिए नगरवासी बेहद उत्सुक दिखे और लोग अपने मोबाइल फोन में झांकियों की तस्वीरें व वीडियो कैद करते नजर आए। सभी झांकियां शहर के प्रमुख चौक घंटाघर से होकर गुजरीं। इस दौरान कार्यक्रम में नगर पालिका प्रतिनिधि, पूर्व विधायक धीरज ओझा, रामलीला समिति के पदाधिकारी रोशन लाल उमर वैश्य, भाजपा नेता आशुतोष त्रिपाठी, सोनू जायसवाल, सुशील सिंह, सत्येंद्र मोदनवाल, छोटू, ननकू और मनोज सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजन के दौरान अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ने से जाम जैसी स्थिति बनी रही। व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और सड़क पर जगह-जगह रूट डायवर्जन लागू किया गया। सुरक्षा के लिहाज से भारी वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश करने से रोका गया, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।










