रानीगंज-प्रतापगढ़ (ABK24NEWS)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीगंज में कार्यरत आशा एवं आशा संगिनियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को सीएचसी प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शासन-प्रशासन से अपनी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मांगें न मानी गईं तो वे 6 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल और कार्य बहिष्कार पर जाने के लिए बाध्य होंगी।
आशा कार्यकर्ताओं ने चिकित्सा अधिकारियों—डॉ. वर्तिका सिंह, डॉ. राममनोहर पटेल और एआरओ मयंक मिश्रा को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मुख्य मांगें रखीं। कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में स्थायी नियुक्ति, 8वें वेतन आयोग के अनुसार वेतन निर्धारण, आशा कार्यकर्ताओं के लिए 21 हजार रुपये तथा आशा संगिनियों के लिए 26 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय देना शामिल है। इसके अलावा 60 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्ति के पश्चात पेंशन व पीएफ का लाभ देने और सितंबर माह तक के समस्त बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान करने का भी आग्रह किया गया है।

ज्ञापन में कार्यक्षेत्र में आकस्मिक दुर्घटना होने पर 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता व आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने, आशाओं के पतियों के आयुष्मान कार्ड बनाने तथा विभागीय कार्यों का लिखित प्रमाण दिए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इस दौरान आशा संघ की अध्यक्ष अर्चना त्रिपाठी, उपाध्यक्ष दुर्गा पांडेय, संगिनी सुषमा दुबे, गीता पाल, निर्मला मौर्या, विशाखा दुबे, आरती मिश्रा, अर्चना मिश्रा, गुलतारा और हेमा देवी समेत सैकड़ों आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।










