कपड़ा शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विनय पाठक:

प्रतापगढ़ (ABK24NEWS)। एसपी कार्यालय के समीप स्थित ‘महालक्ष्मी कलेक्शन’ नामक कपड़ा शोरूम में शुक्रवार भोर में संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक भीषण आग लग गई। दुकान से उठते काले धुएं के गुबार ने आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मचा दी। गनीमत रही कि पास स्थित जिम सेंटर के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दुकान के बोर्ड पर दर्ज नंबर के जरिए संचालकों—शेषाद्री सिंह, अनुराग सिंह और रवि सिंह—को तुरंत सूचित किया, जिसके बाद अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई।

सूचना मिलते ही फायरब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दुकान में धुआं अत्यधिक घना होने के कारण दमकलकर्मियों को अंदर जाने में खासी दिक्कत आई, जिसके बाद स्मोक एग्जॉस्ट मशीन मंगवाई गई। दमकलकर्मियों ने ऑक्सीजन मास्क और जीवनरक्षक उपकरणों का प्रयोग करते हुए भीतर प्रवेश किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

इस अग्निकांड में शोरूम में रखे महंगे कपड़े, साड़ियां, कॉस्मेटिक सामान और गल्ले में रखी नकदी जलकर नष्ट होने का अनुमान है, हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन दुकान की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। सहायक अग्निशमन अधिकारी राधेश्याम दुबे ने बताया कि सुबह करीब सवा पांच बजे सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। प्राथमिक जांच में आग की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है और घटना में आसपास की सभी अन्य दुकानें सुरक्षित हैं।

ABK 24 News
Author: ABK 24 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें