ABK24NEWS
प्रतापगढ़। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर द्वारा सम्मानित किया गया। रविवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित अपराध गोष्ठी के उपरान्त आयोजित एक कार्यक्रम में एसपी ने सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि माह दिसम्बर में विवेचना निस्तारण हेतु चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बेहतर परिणाम देने और अपने कार्यक्षेत्र में अदम्य साहस व निष्ठा का परिचय देने वाले पुलिसकर्मियों को यह सम्मान दिया गया है। सम्मानित होने वालों में निरीक्षक अवन कुमार दीक्षित (थाना प्रभारी, कुण्डा), उपनिरीक्षक मनोज कुमार तोमर (थानाध्यक्ष, संग्रामगढ़) और उपनिरीक्षक राजेश शुक्ला (थाना उदयपुर) प्रमुख रूप से शामिल रहे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी कर्मियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जनसेवा और कर्तव्य पालन ही पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सम्मान से न केवल पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि यह अन्य कर्मियों के लिए भी प्रभावी और जनोन्मुखी पुलिसिंग के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।








