विनय पाठक:
प्रतापगढ़। समाजवादी पार्टी ने आगामी सियासी गतिविधियों को धार देने और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए संगठनात्मक स्तर पर अहम नियुक्तियां की हैं। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने पूर्व विधायक राजकुमार पाल को कौशांबी व प्रतापगढ़ तथा समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मनीष पाल को जौनपुर जिले की सभी विधानसभाओं का प्रभारी नामित किया है।
दोनों नेताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में ‘पीडीए जन चौपाल’ और ‘कैडर पंचायत’ आयोजित कर कार्यकर्ताओं एवं आमजन को पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और सपा सरकार के दौरान हुए जनकल्याणकारी विकास कार्यों से जोड़ने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही भ्रमण के दौरान कार्यकर्ताओं से सुझाव और अपेक्षाएं जुटाकर प्रदेश कार्यालय तक पहुंचाना भी इनका मुख्य दायित्व होगा।
जिम्मेदारी मिलने पर पूर्व विधायक राजकुमार पाल और जिलाध्यक्ष मनीष पाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी द्वारा जताए गए इस भरोसे को वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे।









