विनय पाठक:
प्रतापगढ़ (यूपी)। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध सरस्वती शिशु वाटिका/मंदिर चिलबिला पूर्वी, प्रतापगढ़ में मातृ भारती के तत्त्वावधान में ‘तीज महोत्सव’ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मातृ भारती की अध्यक्षा नेहा तिवारी एवं पिंकी उमर वैश्य द्वारा भगवान शिव और माता पार्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पांजलि अर्पित करके किया गया। इसके पश्चात मातृ भारती की सहमंत्री मंजू प्रजापति, सुनीता पटेल एवं सुनीता प्रजापति ने उपस्थित सभी माताओं का रोली-तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया।
मातृ भारती प्रमुख प्रीति सिंह ने अतिथियों का परिचय कराते हुए उनका सम्मान किया और तीज महोत्सव के आयोजन की प्रस्तावना प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान पुष्पा पाल, सुधा उमरवैश्य, आकांक्षा गुप्ता तथा रेखा सरोज सहित कई विशिष्ट माताएं उपस्थित रहीं।
परिचय एवं सम्मान समारोह के बाद माताओं ने ढोलक व वाद्य यंत्रों की थाप पर तीज के पारंपरिक लोकगीत एवं शिव-पार्वती के भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा प्रांगण भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य विभा शुक्ला ने मातृ भारती के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों से हमारी भावी पीढ़ी अपनी प्राचीन परंपराओं व मान्यताओं से जुड़ती है, जो भारतीय संस्कृति को सुदृढ़ करने का एक सराहनीय और अनुकरणीय प्रयास है।
कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन और सर्वमंगल की कामना वाले ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के कल्याण मंत्र के साथ हुआ।









