ABK24NEWS
प्रतापगढ़। ‘श्री श्री जगन्नाथ सेवा ट्रस्ट’ एवं ‘श्री श्री जगन्नाथ मंदिर, प्रतापगढ़’ के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय ‘श्री श्री गौर निताई कृष्ण बलराम पदयात्रा’ रविवार को 75 किलोमीटर की आध्यात्मिक दूरी तय कर जामताली बाजार में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। भक्ति, श्रद्धा और समर्पण के अद्भुत संगम वाली इस पदयात्रा का नेतृत्व श्री सेवानिधि गौरांग दास ने किया।

यह पावन यात्रा 25 फरवरी को ग्राम गोई स्थित श्री श्री जगन्नाथ मंदिर से प्रारंभ होकर पट्टी, उड़ैयाडीह, परसनी बाजार, शीतलागंज, महुली, गोपालपुर, पृथ्वीगंज और रानीगंज जैसे विभिन्न क्षेत्रों से गुजरी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। पूरी यात्रा के दौरान ‘हरे कृष्ण महामंत्र’ के संकीर्तन से वातावरण गुंजायमान रहा।

पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना जागृत करना, नैतिक मूल्यों का उत्थान और ऊंच-नीच व जातिवाद के भेदभाव को मिटाकर समरसता का संदेश देना था। समापन के अवसर पर मुख्य आयोजक श्री सेवानिधि गौरांग दास और आनंद शर्मा ने सभी भक्तों, सेवकों एवं सहयोगियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और सेवा भावना ने ही इस 75 किमी की कठिन यात्रा को दिव्य और मंगलमय बनाया है। ट्रस्ट द्वारा सभी के सुख, शांति और समृद्धि की मंगल कामना की गई और सामूहिक प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम को विराम दिया गया।









