प्रतापगढ़: बाबूगंज बाजार में बड़ा हादसा, चलती कार पर गिरा हाईमास्ट पोल, चालक की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ABK24NEWS

प्रतापगढ़ (अंतू): जनपद के अंतू थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूगंज बाजार में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। भारत पेट्रोल पंप के सामने हाईमास्ट लाइट का पोल लगाते समय अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से गुजर रही एक क्रेटा कार पर जा गिरा। इस भीषण हादसे में कार चालक लालबहादुर यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

असंतुलित होकर काल बना लोहे का भारी पोल

​जानकारी के अनुसार, बाबूगंज बाजार के निवासी लालबहादुर यादव अपनी क्रेटा कार से जिला मुख्यालय की ओर जा रहे थे। उसी समय पेट्रोल पंप के पास हाईमास्ट लाइट लगाने का कार्य चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पोल को खड़ा करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे सड़क से गुजर रही कार के ऊपर जा गिरा। भारी-भरकम पोल गिरने से कार का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह पिचक गया।

सीसीटीवी में कैद हुई लापरवाही की घटना

​हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में कार के मलबे से घायल लालबहादुर को बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पोल गिरते हुए साफ देखा जा सकता है। परिजनों का आरोप है कि बिना सुरक्षा मानकों और बिना ट्रैफिक रोके इतना जोखिम भरा काम किया जा रहा था, जो सीधे तौर पर बड़ी लापरवाही है।

जांच में जुटा प्रशासन

​घटना की सूचना मिलते ही अंतू पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के उच्चाधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में पोल लगाने के दौरान बरती गई लापरवाही की पुष्टि हो रही है।

​”मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। कार्यदायी संस्था और मौके पर मौजूद जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

पुलिस प्रशासन

ABK 24 News
Author: ABK 24 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें