ABK24NEWS
- संग्रामगढ़ टोल प्लाजा का निरीक्षण कर जिलाधिकारी ने जाना निर्माण कार्यों का हाल, 98% काम पूरा
प्रतापगढ़। जनपद में निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे अब अपने अंतिम चरण में है। शनिवार को जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने संग्रामगढ़ टोल प्लाजा पहुंचकर कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने न केवल सुविधाओं की जानकारी ली, बल्कि स्वयं स्टयरिंग थामकर 120 किमी/घंटा की निर्धारित गति सीमा से गाड़ी चलाकर सड़क की गुणवत्ता का परीक्षण भी किया।
जल्द मिलेगी रफ्तार की सौगात
यूपीड़ा के पीआईओ विजय कुमार ने जिलाधिकारी को बताया कि एक्सप्रेसवे का लगभग 98 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। शेष फिनिशिंग कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। प्रतापगढ़ में अर्रो गांव से बरबसपुर तक यह एक्सप्रेसवे 40.7 किमी लंबा है। टोल प्लाजा पर 2 एंबुलेंस, 1 क्रेन और एक मेडिकल सेंटर जैसी आपातकालीन सुविधाएं तैनात कर दी गई हैं।
गुणवत्ता में कमी पर दिए निर्देश
परीक्षण के दौरान 15 किलोमीटर के सफर में डीएम को 1-2 स्थानों पर हल्का उतार-चढ़ाव महसूस हुआ। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तकनीकी मानकों के अनुरूप तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता और सुरक्षा में कोई समझौता नहीं होगा।

रील बनाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि कुछ अराजक तत्व एक्सप्रेसवे पर वाहनों से स्टंट कर रील बनाते हैं। डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया कि ऐसे लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाए।








