ABK24NEWS
प्रतापगढ़। जनपद के कोतवाली नगर अंतर्गत बेल्हा देवी पुल के पास स्थित एक ऑटो मोबाइल शोरूम के संचालक द्वारा गाड़ी दिलाने के नाम पर हजारों रुपये हड़पने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित थाने को प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दिसंबर में दी थी रकम, नहीं मिली गाड़ी
ग्राम भगवा निवासी सर्वजीत कुमार मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपने रिश्तेदार के लिए मारुति कार खरीदने हेतु मां बेल्हा देवी ऑटो मोबाइल्स’ गए थे। वहां मौजूद रमा शंकर उर्फ डब्बू सिंह ने दिसंबर माह तक गाड़ी देने का वादा कर दो बार में कुल ₹61,000 (11 हजार और 50 हजार) जमा करा लिए। आरोप है कि जब पीड़ित 30 दिसंबर को गाड़ी लेने पहुंचा, तो संचालक के पास कोई वाहन उपलब्ध नहीं था।
गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो संचालक डब्बू सिंह और उसके कर्मचारियों ने अभद्रता शुरू कर दी। पीड़ित की महिला रिश्तेदार के साथ भी बदतमीजी की गई। आरोप है कि संचालक ने पैसा देने से मना करते हुए पीड़ित को भद्दी गालियां दीं और ‘जो उखाड़ना है उखाड़ लो’ कहते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पत्नी के खाते में पैसे भेजने का आरोप
शिकायती पत्र में यह गंभीर आरोप भी लगाया गया है कि संचालक ग्राहकों से लिया गया पैसा कंपनी में जमा करने के बजाय अपनी पत्नी के व्यक्तिगत खाते में भेज देता है। पीड़ित के मुताबिक डब्बू सिंह इसी तरह कई अन्य लोगों को भी ठग चुका है।
पुलिसिया कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग के उच्चाधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया है। SHO कोतवाली नगर को निर्देश दिए गए हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच कर तत्काल FIR पंजीकृत की जाए। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और पैसों के लेनदेन के साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।








