ABK24NEWS (प्रतापगढ़)।
- प्रतापगढ़ में ‘विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत’ के संकल्प के साथ मनाया गया यूपी दिवस।
- तुलसीसदन में प्रभारी मंत्री ने किया त्रिदिवसीय समारोह का भव्य आगाज; दानदाताओं और लाभार्थियों को मिला सम्मान।
जनपद के तुलसीसदन (हादीहाल) में शनिवार को ‘उत्तर प्रदेश दिवस-2026’ समारोह का भव्य शुभारम्भ हुआ। प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री व जनपद के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन और माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर तीन दिवसीय उत्सव की शुरुआत की। एनसीसी कैडेटों ने बैंड-धुन के साथ प्रभारी मंत्री का स्वागत किया, जिसके बाद उन्होंने मार्च पास्ट की सलामी ली।
प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 24 जनवरी 1950 को संयुक्त प्रान्त से उत्तर प्रदेश बनने का गौरव हासिल हुआ था। वर्ष 2018 से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इसे उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतापगढ़ का आंवला आज दुनिया भर में जिले की पहचान बना रहा है और सरकार स्टेडियम व पार्कों जैसे विकास कार्यों के माध्यम से जिले को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। समारोह में विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य ने कहा कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुँच रहा है।
इतिहास और गौरव की गाथा: जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने प्रदेश के ऐतिहासिक और पौराणिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे सिंधु घाटी सभ्यता से लेकर आधुनिक भारत के नवनिर्माण तक की धुरी बताया। भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘उत्तम प्रदेश’ बन चुका है। कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित माननीय गृहमंत्री व मुख्यमंत्री जी के भव्य समारोह का सजीव प्रसारण भी देखा गया।
सम्मान की बौछार: समारोह में श्रीराम मंदिर निर्माण हेतु 1 करोड़ रुपये दान करने वाले दानदाता सियाराम जी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों को 67 करोड़ 89 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया। आयुष्मान योजना, पीएम आवास, पीएम स्वनिधि और विश्वकर्मा श्रम सम्मान के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व टूलकिट वितरित किए गए। बेहतरीन कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों, सफाई कर्मियों, पीआरडी जवानों और स्वास्थ्य कर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर एसपी दीपक भूकर, सीडीओ डॉ. दिव्या मिश्रा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुष्का शर्मा सहित तमाम अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी जनसामान्य के लिए आकर्षण का केंद्र रही।









