ABK24NEWS
प्रतापगढ़। क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व और पूर्व सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी स्व. पं. सिद्धि नारायण पाण्डेय जी की तृतीय पुण्यतिथि गुरुवार को उनके पैतृक निवास ग्राम खरहर में अत्यंत श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्र के तमाम प्रबुद्धजीवियों, वरिष्ठ नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. पाण्डेय जी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने उन्हें एक कुशल प्रशासक और समाज का मार्गदर्शक बताते हुए उनके जीवन संघर्षों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि पं. सिद्धि नारायण पाण्डेय जी का जीवन सादगी और कर्तव्यनिष्ठा की प्रतिमूर्ति था, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। श्रद्धांजलि सभा के पश्चात एक विशाल भोज का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान समाज के हर वर्ग की उपस्थिति ने दिवंगत आत्मा के प्रति उनके सम्मान को प्रदर्शित किया। स्व. पाण्डेय जी के पुत्र इंजीनियर आत्मस्वरूप पाण्डेय (राकेश पाण्डेय) और गोपाल पाण्डेय (एडवोकेट) ने आए हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर सुशील पाण्डेय, पंकज पाण्डेय, अनुज और साहिल पाण्डेय सहित समस्त पाण्डेय परिवार ने अतिथियों की सेवा सत्कार में सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षेत्र के कई वरिष्ठ अधिवक्ता, सेवानिवृत्त अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिन्होंने स्व. पाण्डेय जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर अपने विचार साझा किए।








