स्व. श्रीहर्ष पाण्डेय की 29वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित: वक्ताओं ने समाज सेवा और शिक्षा में उनके योगदान को किया याद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ABK24NEWS 

प्रतापगढ़ । प्रखर वक्ता, समाजसेवी, प्रबंधक एवं पूर्व सरपंच स्वर्गीय पंडित श्रीहर्ष पाण्डेय जी के 29वें पुण्य-स्मृति-दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को अजीत नगर स्थित “हर्ष-चन्द्रा स्मृति सदन” में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया । श्रद्धासुमन अर्पित करने एवं उनके बहुआयामी व्यक्तित्व पर विमर्श हेतु शहर एवं ग्रामीण अंचलों से कई वरिष्ठ साहित्यकार, समाजसेवी, शिक्षाविद, पत्रकार, जनप्रतिनिधि एवं संभ्रांतजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पं. विजय प्रताप त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन अनूप अनुपम ने किया । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चन्द्रकांत त्रिपाठी, विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. संगम लाल त्रिपाठी भवँर तथा उद्घाटन अतिथि के रूप में वरिष्ठ नेता भाजपा ओम प्रकाश त्रिपाठी उपस्थित रहे ।

श्रद्धांजलि सभा का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं स्व. श्रीहर्ष पाण्डेय जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने व दीप प्रज्वलन से हुआ । इसके पश्चात वरिष्ठ कवि प्रेम कुमार त्रिपाठी द्वारा वंदना प्रस्तुत की गई जिसने सभा में आध्यात्मिक सौम्यता एवं भावनात्मक गरिमा का वातावरण निर्मित किया ।

मुख्य अतिथि चन्द्रकांत त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि “व्यक्ति का मूल वैभव धन या प्रतिष्ठा नहीं, अपितु कर्म होता है। पाण्डेय जी ने यही सिद्धांत जीवनभर आत्मसात किया । शिक्षा, समाज सेवा और जनहित पर केंद्रित रहकर उन्होंने अनेक लोगों के जीवन में सुधार किया । उनका व्यक्तित्व समाज में प्रेरणा का स्रोत रहा ।”

विशिष्ट अतिथि डॉ. संगम लाल त्रिपाठी भवँर ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी दृढ़ता, धैर्य और आत्मविश्वास के साथ काम करना ही महानता का प्रमाण है, और यही गुण स्व. पाण्डेय जी के व्यक्तित्व की पहचान थे । उन्होंने कहा कि “सरपंच व प्रबंधक रहते हुए उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान हेतु जो कार्य किए, वे न केवल अपने समय में प्रासंगिक रहे बल्कि आज भी नई पीढ़ी को मार्गदर्शन देते हैं ।”

सभा के अध्यक्ष पं. विजय प्रताप त्रिपाठी ने श्रद्धांजलि सभा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “पूर्वजों के जीवन संघर्ष, विचार एवं योगदान को नई पीढ़ी के सामने रखने से समाज की वैचारिक धारा जीवित रहती है । स्व. श्रीहर्ष पाण्डेय का जीवन हमें बताता है कि समाज निर्माण मात्र विचारों से नहीं, कर्म से होता है । ऐसे आयोजन उनकी स्मृति को जीवंत रखते हैं और सामाजिक दायित्व समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।” वरिष्ठ पत्रकार जगत बहादुर सिंह ने कहा कि भारतीय समाज में पूर्वजों के प्रति सम्मान व स्मरण को सांस्कृतिक धरोहर माना गया है । उन्होंने कहा कि “पूर्वजों की स्मृति का यह सम्मान सिर्फ श्रद्धा नहीं बल्कि अपने इतिहास, संस्कृति और मूल्यों से जुड़ने का माध्यम है । पाण्डेय जी ने जिस साहस, सादगी व संघर्ष के साथ शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान दिया वह अतुलनीय है।” इं. विशालनाथ त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रबंधक एवं सरपंच के रूप में पाण्डेय जी ने सामाजिक न्याय, शिक्षा विस्तार और सार्वजनिक कल्याण के मुद्दों पर सदैव व्यावहारिक और ईमानदार दृष्टिकोण रखा । उन्होंने कहा कि “उनका प्रशासनिक और लोकसेवी अनुभव ग्रामीण क्षेत्रों में एक आदर्श मॉडल के रूप में देखा गया, विशेषकर सामाजिक उत्थान और कमजोर वर्गों के संरक्षण के संदर्भ में।”

राजर्षि टण्डन इंटर कॉलेज रामनगर (अठगवां) के प्रबंधक एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. अनूप कुमार पाण्डेय ने इस अवसर पर शिक्षा व पत्रकारिता क्षेत्र के वरिष्ठजनों का पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र से अभिनंदन किया ।

कार्यक्रम के दौरान कई अन्य वक्ताओं ने भी अपने संस्मरण व विचार व्यक्त किए । राज नारायण शुक्ल राजन, चिंतामणि पाण्डेय, निर्मल नदीम, लक्ष्मी कांत मिश्र, रोशनलाल उमरवैश्य, शिव शंकर तिवारी सोहगौरा तथा अन्य वक्ताओं ने पाण्डेय जी के योगदान और व्यक्तित्व के विविध आयामों का उल्लेख किया । वक्ताओं ने बताया कि कैसे पाण्डेय जी ने अपने जीवन में गरिमा, सरलता, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी को संतुलित करते हुए समाज को दिशा दी ।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से अनिल सिंह सभासद, शरद ओझा, अखिल नारायण सिंह, मनीष विद्यार्थी, प्रीति अनिल पाण्डेय, परमानंद मिश्र, गिरीश चन्द्र ओझा, अजितेश त्रिपाठी, पवन सिंह, विभूति पाण्डेय, संजय शुक्ला, अनूप त्रिपाठी, जगदीश शर्मा, कृपा शंकर पाण्डेय, विनोद कुमार पाण्डेय, विनीत शर्मा, अरविंद कुमार पांडेय सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे । कार्यक्रम के अंत में डॉ. अमित पाण्डेय ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, आगंतुकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया ।

ABK 24 News
Author: ABK 24 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें