ABK24NEWS
प्रतापगढ़। जनपद के देल्हूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरसंड़ा गांव में बीती रात अज्ञात अराजक तत्वों ने तीन गायों की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव और भारी जन-आक्रोश व्याप्त है। शनिवार दोपहर बड़ी संख्या में ग्रामीणों और विभिन्न हिंदू संगठनों ने देल्हूपुर थाने का घेराव कर थानाध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के आला अधिकारियों ने 24 घंटे के भीतर खुलासे का आश्वासन दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरसंड़ा गांव निवासी जगदीश सिंह और भाजपा बूथ अध्यक्ष आशीष सिंह की दो-दो गायें शुक्रवार रात गायब हो गई थीं। शनिवार सुबह करीब 5 बजे बकुलाही नदी के किनारे तीन गायों के क्षत-विक्षत शव पाए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक गाय किसी तरह जान बचाकर भाग निकली, जबकि तीन गायों को काट दिया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके पर केवल दो सिर मिले, जबकि एक गोवंश का सिर गायब था।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) शैलेंद्र लाल और सीओ रानीगंज विनय साहनी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मानधाता, देल्हूपुर और रानीगंज थानों की फोर्स को सुरक्षा की दृष्टि से तैनात किया गया है। पुलिस ने गोवंशों के अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हिंदू संगठनों और ग्रामीणों ने घेरा थाना
दोपहर 12 बजे तक यह खबर आग की तरह फैल गई, जिसके बाद सैकड़ों ग्रामीणों और धार्मिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने देल्हूपुर थाने पर धावा बोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने थानाध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर कड़े प्रहार किए और आरोप लगाया कि क्षेत्र में ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ASP शैलेंद्र लाल ने लोगों को शांत कराते हुए वादा किया कि अपराधियों को आज रात तक गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पूर्व विधायक धीरज ओझा की चेतावनी: ‘चक्का जाम होगा’
भाजपा के फायर ब्रांड नेता व पूर्व विधायक धीरज ओझा ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा, “सरकार भले ही हमारी है, लेकिन गोवंशों की ऐसी नृशंस हत्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी नहीं हुई, तो अयोध्या-प्रयागराज मार्ग जाम किया जाएगा।” वहीं, धर्माचार्य ओम प्रकाश पांडेय ‘अनिरुद्ध रामानुज दास’ ने दोषियों पर एनएसए (रासुका) लगाने और एनकाउंटर जैसी कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

क्या बोले पुलिस अधिकारी
“ग्रामीणों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कठोरतम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
— शैलेंद्र लाल, अपर पुलिस अधीक्षक, प्रतापगढ़








