ABK24NEWS
प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश)। जनपद के जामताली स्थित सई नदी पुल से रविवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ एक 18 वर्षीय युवती ने पुल से नदी में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह युवती संदिग्ध परिस्थितियों में पुल पर पहुंची और अचानक नीचे कूद गई। शोर मचने पर जब तक लोग उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला।
पुलिस जांच में मृतका की पहचान अंतिमा पाल (18 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पट्टी कोतवाली क्षेत्र के कठार गांव की रहने वाली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।








