बीरापुर में चुनावी रंजिश का तांडव: प्रधान और पूर्व प्रत्याशी समर्थकों के बीच जमकर चले लाठी-डंडे, पत्थरबाजी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ABK24NEWS

(राकेश मिश्रा)

​बीरापुर (प्रतापगढ़)। जनपद के फतनपुर थाना अंतर्गत बीरापुर बाजार शुक्रवार को अखाड़े में तब्दील हो गया। ग्राम प्रधान ईश्वर चंद्र जायसवाल और पूर्व प्रधान प्रत्याशी डॉ. रवि जायसवाल के गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई को लेकर खूनी संघर्ष हुआ। देखते ही देखते बाजार में लाठी-डंडे और पत्थर चलने लगे, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।

सीसीटीवी कैमरा लगाने को लेकर भड़का विवाद
घटना की जड़ में सीसी कैमरे का विवाद बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ग्राम प्रधान ईश्वर चंद्र जायसवाल बिजली के खंभे पर सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगवा रहे थे। इसी दौरान डॉ. रवि जायसवाल के पक्ष के लोगों ने इसका कड़ा विरोध शुरू कर दिया। तू-तू-मै-मै से शुरू हुआ यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों की ओर से हुई पत्थरबाजी में डॉ. रवि जायसवाल और रामआसरे जायसवाल को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज प्रतापगढ़ रेफर किया गया है।

पुलिस की मुस्तैदी: फतनपुर थाना अध्यक्ष ने संभाला मोर्चा, चार उपद्रवी गिरफ्तार
​हंगामे की सूचना मिलते ही बीरापुर चौकी प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन उपद्रवियों के हौसले इतने बुलंद थे कि स्थिति बेकाबू होती गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फतनपुर थाना अध्यक्ष मनीष त्रिपाठी भारी पुलिस बल और एसआई संतोष वर्मा के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिसिया कार्रवाई और वर्तमान स्थिति
पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल स्थिति को नियंत्रण में लिया। इस उपद्रव के मामले में पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य उपद्रवी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहे। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। फिलहाल बाजार में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए पुलिस बल तैनात है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पूरी घटना पुरानी चुनावी रंजिश का नतीजा है जो आज हिंसक रूप में सामने आई।

 

ABK 24 News
Author: ABK 24 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें