प्रतापगढ़ (ABK24NEWS)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दिल्ली में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार को सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ता तत्काल प्रभाव से अम्बेडकर चौराहे पर एकत्रित हुए और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव आयोग की कथित धांधली के खिलाफ संसद भवन में सपा सांसदों के साथ मार्च निकाल रहे थे, जिस दौरान दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। इस खबर के फैलते ही स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अखिलेश यादव की रिहाई तक धरना जारी रखा। बाद में राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुलिस हिरासत से छोड़े जाने की सूचना मिलने पर ही कार्यकर्ताओं ने अपना धरना समाप्त किया।

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने ऐलान किया कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए यह संघर्ष जारी रहेगा। इसी क्रम में बुधवार, 07 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे समाजवादी पार्टी कार्यालय मीराभवन से ‘लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ’ के आह्वान पर पैदल मार्च निकाला जाएगा, जो अम्बेडकर चौराहे पहुंचकर एक बड़े धरना-प्रदर्शन में बदलेगा।
इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व विधायक राजकुमार पाल, जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सपा नेता कमलेश विश्वकर्मा, महिला सभा अध्यक्ष शान्ति सिंह, उपाध्यक्ष आशुतोष पांडेय, वासिक खान, जावेद अख्तर, पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष मनीष पाल, ज्योत्सना सिंह, महिमा गुप्ता, प्रीति सरोज, सांसद प्रतिनिधि बीएल वर्मा, नगर अध्यक्ष निसार अहमद, वकार अहमद, शान्तनु सिंह, अभिषेक तिवारी सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।










