ABK24NEWS (विनय पाठक)
प्रतापगढ़। शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को मयखाना बनाने वालों के खिलाफ प्रतापगढ़ पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। ‘मिशन कार-ओ-बार’ अभियान के तहत पुलिस ने शनिवार को ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए 37 लोगों को रंगे हाथ शराब पीते हुए गिरफ्तार किया। इस अचानक हुई कार्रवाई से शहर के शराबियों और सड़क किनारे कार में महफिल जमाने वालों में हड़कंप मच गया।

कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सीओ सिटी प्रशांत राज ने इस विशेष अभियान का नेतृत्व किया। उनके निर्देश पर नगर कोतवाली पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शराब ठेकों के बाहर, प्रमुख चौराहों, हाईवे के किनारों और सुनसान सड़कों पर खड़ी कारों की सघन चेकिंग की।पुलिस की छापेमारी के दौरान नजारा देखने लायक था। कई शराबी पुलिस की गाड़ी देख अंधेरे का फायदा उठाकर भागते नजर आए, तो कुछ अपनी कारों के शीशे बंद कर भीतर छिपने की नाकाम कोशिश करते पकड़े गए। पुलिस ने मौके से कुल 37 व्यक्तियों को हिरासत में लिया और उन्हें नगर कोतवाली लाया गया, जहाँ उनके खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत चालानी कार्रवाई की गई। सीओ सिटी प्रशांत राज ने सख्त लहजे में कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना न केवल अपराध है, बल्कि यह सड़क दुर्घटनाओं और छेड़खानी जैसी घटनाओं का मुख्य कारण बनता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “सड़कों पर शराब पीने से महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। यदि कोई दोबारा पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ और भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”








