ABK24NEWS (विनय पाठक)
- प्रतापगढ़ में रालोद का कार्यकर्ता सम्मेलन: ‘जहां भाजपा 10 हजार से हारी, वहां रालोद को मिले मौका’।
- NDA में एक समान व्यवहार जरूरी, भू-माफियाओं पर हो और कड़ी कार्रवाई: रालोद क्षेत्रीय अध्यक्ष।
प्रतापगढ़। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के जिला कार्यालय में आज एक भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के उपाध्यक्ष चंद्रबली यादव, क्षेत्रीय अध्यक्ष राम सजीवन पटेल, जिला अध्यक्ष आजाद अली पप्पू और जिला महासचिव मोहम्मद मुस्तफा खान सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रेसवार्ता के दौरान उपाध्यक्ष चंद्रबली यादव ने पार्टी के भविष्य की रणनीति स्पष्ट की। उन्होंने घोषणा की कि आगामी पंचायत चुनाव रालोद अपने दम पर अकेले लड़ेगी। वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने गठबंधन धर्म के तहत एक अहम सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा को उन सीटों पर रालोद को मौका देना चाहिए जहां भाजपा पिछले चुनाव में 10,000 से अधिक वोटों से हारी थी। उन्होंने विश्वास जताया कि रालोद उन सीटों पर सकारात्मक परिणाम लाकर एनडीए को मजबूती देगी।
क्षेत्रीय अध्यक्ष राम सजीवन पटेल ने स्थानीय मुद्दों पर बोलते हुए कहा कि शासन-प्रशासन की सख्ती के बावजूद भू-माफिया और ड्रग माफिया अभी भी सक्रिय हैं। उन्होंने इन पर और अधिक कठोर कार्रवाई की मांग की। जिला अध्यक्ष आजाद अली पप्पू ने गठबंधन की आंतरिक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि एनडीए के सभी सहयोगियों के साथ एक समान व्यवहार होना आवश्यक है। उन्होंने इस विषय को पार्टी के उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से सुनील पांडेय, मुस्तफा खान, रामू गौड़, अनिल कुमार सिंह, मोहम्मद अली, पूर्ण सरोज, राम निहोर, और बशीर सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।








