ग्राम प्रधानों का कार्यकाल खत्म होने से पहले पंचायत की संपत्तियों का होगा हिसाब, DPRO ने जारी किया अल्टीमेटम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ABK24NEWS

प्रतापगढ़। जिले में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के करीब आते ही प्रशासन ने पंचायतों की चल संपत्तियों को सुरक्षित करने की कवायद तेज कर दी है। जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) श्रीकांत दर्वे ने जिले के सभी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को कड़े निर्देश जारी करते हुए ग्राम पंचायतों में मौजूद साजो-सामान की सूची तलब की है।

कुर्सी-मेज से लेकर कंप्यूटर और कूड़ा गाड़ी तक का होगा मिलान

​DPRO द्वारा जारी आदेश के अनुसार, ग्राम पंचायतों के पास मौजूद सभी चल संपत्तियों को ग्राम पंचायत स्तर पर जमा कराया जाना अनिवार्य है। इसके लिए 19 बिंदुओं का एक प्रारूप जारी किया गया है, जिसमें निम्नलिखित सामानों का विवरण देना होगा:

  • आईटी उपकरण: कंप्यूटर, यूपीएस, प्रिंटर, सीपीयू और सीसीटीवी कैमरा।
  • फर्नीचर: अलमारी, मेज, कुर्सी, बेंच और दरी।
  • बिजली उपकरण: पंखा, कूलर और एसी।
  • साफ-सफाई: डस्टबिन, कूड़ा गाड़ी, बाल्टी और मग।
  • अन्य: कैमरा, पुस्तकें और ठेला।

सचिवों को सौंपी गई जिम्मेदारी

​आदेश में निर्देशित किया गया है कि विकास खंड के प्रत्येक ग्राम पंचायत में कार्यरत सचिव इन संपत्तियों को अपनी अभिरक्षा (custody) में लेंगे। सचिवों को यह सुनिश्चित करना होगा कि ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद संपत्ति हस्तांतरण में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

​विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस कार्य को ‘शीर्ष प्राथमिकता’ पर रखा जाए। संपत्तियों की सूची संकलित कर जल्द से जल्द जिला कार्यालय को उपलब्ध करानी होगी। इस संबंध में जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को भी प्रतिलिपि भेजकर अवगत कराया गया है, ताकि पारदर्शी तरीके से संपत्तियों का लेखा-जोखा तैयार हो सके।

ABK 24 News
Author: ABK 24 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें