निष्पक्ष पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत : योगी शंभूनाथ शास्त्री

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ABK24NEWS

  • कुंडा के कनावां में इंडियन प्रेस काउंसिल द्वारा हिंदी पत्रकारिता दिवस पर संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन

कुंडा, प्रतापगढ़। तहसील क्षेत्र के कनावां गांव में शनिवार को इंडियन प्रेस काउंसिल के तत्वावधान में हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन समाजसेवी सुंदर लाल विश्वकर्मा की अगुवाई में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पत्रकारों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गोरक्षपीठ गोरखनाथ धाम, गोरखपुर के कथावाचक योगी शंभूनाथ शास्त्री जी महाराज ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है तथा पत्रकारों को सत्य और जनहित के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि उपजिलाधिकारी वाचस्पति सिंह ने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। उनकी खबरों के माध्यम से आम जनता की समस्याएं शासन-प्रशासन तक पहुंचती हैं, जिससे समाधान का मार्ग प्रशस्त होता है।

तहसीलदार अलख शुक्ला ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने देश की स्वतंत्रता से लेकर वर्तमान समय तक समाज को दिशा देने का काम किया है। पत्रकारों को अपनी लेखनी की गरिमा बनाए रखते हुए सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देनी चाहिए। कोतवाल मनोज पांडेय ने कहा कि पत्रकार और पुलिस दोनों ही समाज में व्यवस्था और जागरूकता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समाजहित के कार्यों में दोनों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

कार्यक्रम में उपस्थित इंडियन प्रेस काउंसिल के राष्ट्रीय संरक्षक संजय जायसवाल ने कहा कि संगठन पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और उनके अधिकारों के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष वीसी मिश्रा ने पत्रकारों को लोकतंत्र का सजग प्रहरी बताते हुए कहा कि बदलते दौर में पत्रकारिता की जिम्मेदारियां और अधिक बढ़ गई हैं।

राष्ट्रीय संगठन मंत्री आनंद शुक्ला ने पत्रकारों से सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया, जबकि राष्ट्रीय महासचिव कुलदीप विश्वकर्मा ने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। समारोह के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष वीसी मिश्रा ने वरिष्ठ पत्रकार रूपेंद्र शुक्ला को इंडियन प्रेस काउंसिल का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया। इस घोषणा पर उपस्थित पत्रकारों एवं अतिथियों ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर आयोजक सुंदर लाल विश्वकर्मा एवं संजीव विश्वकर्मा ने सभी अतिथियों व पत्रकारों को माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष लोकेश मिश्रा ने किया। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष संदीप साहू, महामंत्री राहुल यादव, काशी राणा, अमरनाथ यादव, दिलीप साहू, दिनेश पाल, संतोष गुप्ता सोनू, प्रमोद आजाद, सुजीत मिश्रा, प्रदीप विश्वकर्मा, अमित पटेल, सुभाष सोनकर, हसीबउल्ला, शिक्षक शिवाकांत त्रिपाठी, सत्येंद्र विश्वकर्मा, विक्की शुक्ला, राजू सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

ABK 24 News
Author: ABK 24 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें