प्रतापगढ़: बेखौफ चोरों का तांडव, हाईकोर्ट जज के भाई समेत तीन घरों से 60 लाख की डकैती

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ABK24NEWS

प्रतापगढ़। नगर कोतवाली के गोडे गांव में बीती रात बेखौफ चोरों ने जमकर तांडव मचाया। चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को अपना निशाना बनाते हुए लगभग 60 लाख रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों में हाईकोर्ट के जज राजीव सिंह के भाई अधिवक्ता सतीश सिंह लाल प्रताप सिंह भी शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

अधिवक्ता के घर से 30 लाख की चोरी

​जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले अधिवक्ता सतीश सिंह लाल प्रताप सिंह के घर को निशाना बनाया। रात करीब 2 से 3 बजे के बीच चोर घर के पीछे के रास्ते से छत पर दाखिल हुए। चोरों ने दो कमरों की कुंडी और ताला काटकर भीतर प्रवेश किया और अलमारी व सेफ का ताला तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक, सेफ में रखे लगभग 25 से 30 लाख रुपये के कीमती जेवरात चोरी हो गए हैं।

बेटी की शादी के लिए रखे गहने भी ले गए चोर

​इसी गांव के प्रहलाद सिंह के घर में भी चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। प्रहलाद सिंह ने बताया कि उनकी बेटी की शादी आगामी 24 फरवरी को होनी तय है, जिसके लिए उन्होंने लगभग 12 लाख रुपये के नए जेवर बनवाए थे। चोरों ने सेफ का लॉकर तोड़कर बहू और बेटी के सारे जेवरात समेट लिए। चोर बक्से और बैग को छत पर ले गए और वहां इत्मीनान से कीमती सामान निकालकर फरार हो गए। इस घर से कुल 20 लाख की चोरी का अनुमान है।

रिटायर्ड प्रवक्ता के घर भी धावा

​चोरों ने तीसरा निशाना अमेठी से रिटायर्ड प्रवक्ता शेर बहादुर सिंह के घर को बनाया। यहां भी ताला काटकर चोरों ने सेफ से करीब 4 लाख रुपये के गहने पार कर दिए।

जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम और पुलिस

​सुबह करीब 4 बजे जब परिजनों की आंख खुली, तब घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही 112 नंबर की पुलिस और क्षेत्राधिकारी (CO) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

​”चोरों ने जिस तरह से एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाया है, उससे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही खुलासे का आश्वासन दिया है।”

ABK 24 News
Author: ABK 24 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें