प्रतापगढ़ के 7214 शहरी गरीबों को मिली पक्के घर की सौगात, खातों में पहुँची पहली किस्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ABK24NEWS (विनय पाठक)

​प्रतापगढ़। शहरी गरीबों के पक्के घर के सपने को पंख लगाते हुए रविवार को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत जनपद के 7214 लाभार्थियों को पहली किस्त का तोहफा मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के इंदिरा गांधी लोकभवन से प्रदेश के 2 लाख लाभार्थियों के खातों में 2000 करोड़ की धनराशि बटन दबाकर अंतरण की, जिसमें प्रतापगढ़ के 19 नगरीय निकायों के चयनित परिवार भी शामिल रहे। ​अफीम कोठी स्थित क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान के सभागार में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा गया। इस अवसर पर विधायक सदर राजेंद्र कुमार मौर्य और विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल ने लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए। सदर विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प है कि हर गरीब के सिर पर अपनी पक्की छत हो और आज यह सपना हकीकत में बदल रहा है। यह मकान गरीब परिवारों के लिए सुरक्षित भविष्य और आत्मनिर्भरता की नींव है। ​विधायक जीत लाल पटेल ने सरकार की पारदर्शिता की सराहना करते हुए कहा कि ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के कारण बिना किसी भेदभाव के पात्र व्यक्तियों को लाभ मिल रहा है। जनपद के प्रमुख निकायों में ढक्वा के 1428, हीरागंज बाजार के 1244, डेरवा के 984 और रामगंज के 953 लाभार्थियों सहित कुल 19 निकायों के पात्रों के खातों में डीबीटी के जरिए राशि भेजी गई। ​कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डा. दिव्या मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता सिंह व एसडीएम/पीओ डूडा सीमा भारती सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। प्रथम किस्त मिलने पर लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।

ABK 24 News
Author: ABK 24 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें