ABK24NEWS
औरैया। जनपद के बेला थाना क्षेत्र में दो दिन पूर्व नहर की पटरी पर मिले युवक के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। प्रेम प्रसंग के चलते पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की खौफनाक साजिश रची थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या था पूरा मामला?
बीती 11 जनवरी 2026 को बेला थाना क्षेत्र के ग्राम कुरसी और बूँछपुर के बीच नहर की पटरी के पास एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान ग्राम कुरसी निवासी शैलेंद्र सिंह पाल के रूप में हुई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक और सीओ बिधूना ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया था। मामले के खुलासे के लिए एसओजी (SOG), सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें गठित की गई थीं।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक के ताऊ मान सिंह पाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस की सुई मृतक की पत्नी अर्चना और उसके परिचित अवनीश पाल पर जाकर टिकी। जब संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
मफलर से गला घोंटकर की गई हत्या
पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि मृतक की पत्नी अर्चना का अवनीश पाल (निवासी लिलुआ, कन्नौज) के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शैलेंद्र को इस बात की जानकारी हो गई थी, जिसके कारण घर में अक्सर विवाद होता था। अपने रास्ते का कांटा हटाने के लिए अर्चना ने अवनीश के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
योजना के तहत, शैलेंद्र को नहर की पटरी के पास बुलाया गया, जहाँ अवनीश और उसके साथी रिंकू कठेरिया ने मफलर से गला घोंटकर शैलेंद्र की हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला घोंटने की पुष्टि हुई है।








