डाक विभाग का विशेष अभियान: प्रतापगढ़ के 24 डाकघरों में आज बनेगा और सुधरेगा आधार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ABK24NEWS (विनय पाठक)

प्रतापगढ़। जिले के निवासियों के लिए आधार कार्ड से जुड़ी समस्याओं के समाधान का सुनहरा अवसर है। डाक विभाग द्वारा आज, 27 दिसंबर (शनिवार) को जनपद के 24 प्रमुख डाकघरों में ‘आधार विशेष अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। प्रतापगढ़ मंडल के अधीक्षक पी.सी. तिवारी के विशेष निर्देश पर आयोजित इस शिविर में नया आधार कार्ड बनवाने से लेकर पुराने आधार में संशोधन तक की सभी सुविधाएँ एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।

इन केंद्रों पर सुबह 10 बजे से मिलेगी सुविधा

अधीक्षक पी.सी. तिवारी ने बताया कि यह अभियान सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक चलेगा। इसके लिए प्रतापगढ़ प्रधान डाकघर में 3 और कुंडा डाकघर में 2 विशेष काउंटर बनाए गए हैं। इनके अलावा रानीगंज, लालगंज, मानधता, पट्टी, किशुनगंज, माधोगंज, अमरगढ़, दलीपपुर, डेरवा, गढ़ीमानिकपुर, विश्वनाथगंज, जामताली, जेठवारा, कैथोला, साहबगंज, सांगीपुर, संग्रामगढ़, शीतलागंज और सगरा उपडाकघरों में भी आधार की सेवाएँ ली जा सकती हैं।

नया आधार निःशुल्क, संशोधन के लिए मामूली शुल्क

विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बच्चों या बड़ों का नया आधार कार्ड पूरी तरह निःशुल्क बनाया जाएगा। अन्य सेवाओं के लिए सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क इस प्रकार हैं:

डेमोग्राफिक अपडेट: नाम, पता, जन्म तिथि, लिंग, मोबाइल नंबर या ई-मेल बदलवाने के लिए मात्र ₹75 देने होंगे।

बायोमेट्रिक अपडेट: फोटो, फिंगरप्रिंट या आंखों की पुतली (आइरिस) अपडेट करवाने के लिए ₹125 का शुल्क निर्धारित है।

भीड़ से बचने के लिए समय पर पहुँचें

डाक अधीक्षक ने अपील की है कि जिन लोगों के आधार कार्ड पुराने हो गए हैं या जिनमें मोबाइल नंबर लिंक नहीं है, वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं। केंद्रों पर भीड़ को देखते हुए आवेदकों को समय पर पहुँचने का सुझाव दिया गया है।

 

 

ABK 24 News
Author: ABK 24 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें