विनय पाठक:
प्रतापगढ़ (ABK24NEWS)। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का आंदोलन जारी है। पिछले आठ दिनों से चल रहे इस प्रदर्शन के तहत बृहस्पतिवार को कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर कंपनी बाग से कलेक्ट्रेट तक “वोट बचाओ-देश बचाओ” पैदल मार्च निकाला।
मार्च के दौरान कांग्रेसजनों ने “वोट चोर-गद्दी छोड़” और “अब तो यह स्पष्ट है – ज्ञानेश कुमार भ्रष्ट है” जैसे जोरदार नारे लगाए। मार्च का समापन संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष हुआ, जहां जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी पर दिल्ली पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करना और अभद्रता करना अत्यंत शर्मनाक है। उन्होंने कहा, “ये उसी राजीव गांधी की संतानें हैं, जिन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आवाज उठाने पर उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।”
जिला उपाध्यक्ष विजय शंकर त्रिपाठी एवं इम्तियाज अहमद ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर खुद उनके सहयोगी सवाल उठा रहे हैं। एसआईआर के जरिए मतदाताओं के नाम हटाने और फॉर्म नंबर-6 में बदलाव से चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठे हैं।
महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरोज कश्यप और पूर्व प्रत्याशी सुनीता सिंह पटेल ने स्पष्ट किया कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते और कांग्रेस नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं होते, यह लड़ाई जारी रहेगी।
इस दौरान कोषाध्यक्ष वेदांत तिवारी, बशीर पहलवान, डॉ. प्रशांत देव शुक्ल, राम शिरोमणि वर्मा, प्रेम शंकर द्विवेदी, इरफान अली, संजय पाण्डेय, लव त्रिपाठी, सरोज कश्यप सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









