प्रतापगढ़ (ABK24NEWS)। अंबेडकर चौराहे पर बुधवार को उस समय भारी हंगामा मच गया, जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंकने का प्रयास किया, जिसे मौके पर तैनात पुलिस बल ने रोकने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की होती रही।

इस विरोध प्रदर्शन में रानीगंज विधायक डॉ. आरके वर्मा, पट्टी विधायक राम सिंह पटेल, पूर्व विधायक राजकुमार पाल, शांति सिंह, शांतनु सिंह, वकार अहमद और मनीष पाल समेत बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पुतला दहन को लेकर बढ़े विवाद के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कड़ा रुख अपनाया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी समय तक तनातनी बनी रही, जिसके बाद पुलिस ने कई सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर कोतवाली नगर भेज दिया। सपा नेताओं को पुलिस हिरासत में लिए जाने की खबर मिलते ही पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में भारी रोष फैल गया। विधायक और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं की तत्काल रिहाई की मांग करते हुए अंबेडकर चौराहे पर ही धरना शुरू कर दिया।

सपा नेताओं का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह आवश्यक कार्रवाई की गई है। फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से अंबेडकर चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात है और सपा का धरना प्रदर्शन जारी है।










