शादी में नाबालिग से ‘तमंचा डांस’ कराने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बिहार से लाया था असलहा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ABK24NEWS

प्रतापगढ़। सोशल मीडिया पर असलहा लहराकर डांस करने के मामले में प्रतापगढ़ की मान्धाता थाना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने वायरल वीडियो के मुख्य आरोपी आशीष पटेल को एक अवैध देसी तमंचे और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में कुबूल किया है कि उसने यह तमंचा अपनी सुरक्षा के लिए बिहार से खरीदा था।

मामला मान्धाता थाना क्षेत्र के अकोढ़िया गांव का है, जहां बीती 7 मई को एक शादी समारोह के दौरान प्रयागराज के फूलपुर की रहने वाली एक नाबालिग लड़की ने हाथ में तमंचा लहराते हुए डांस किया था। इस डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जांच में सामने आया कि डांस के दौरान लड़की को तमंचा प्रयागराज के मऊआइमा निवासी आशीष कुमार पटेल ने उपलब्ध कराया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए तहरीर के आधार पर नाबालिग लड़की और आरोपी आशीष पटेल के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 53/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था।

​पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार व क्षेत्राधिकारी रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी के कुशल पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मान्धाता थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर उपनिरीक्षक अलंकार यादव, उपनिरीक्षक विनोद यादव और टीम ने अकोढ़िया गेट के पास से आरोपी आशीष पटेल (21 वर्ष) पुत्र राजनाथ पटेल, निवासी ग्राम सराय सुल्तान (पूरे मखदूम), प्रयागराज को दबोच लिया।

​गिरफ्तारी के वक्त आरोपी के पास से .315 बोर का एक अवैध देसी तमंचा बरामद हुआ, जिसके बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोत्तरी की गई है। इसके साथ ही आरोपी की मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है।

आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अलंकार यादव, उपनिरीक्षक विनोद यादव, कांस्टेबल अनी कुमार और कांस्टेबल नवनीत कुमार शामिल रहे।

ABK 24 News
Author: ABK 24 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें