ABK24NEWS
- कुंडा में दर्ज कराया था दुष्कर्म का मुकदमा, अब रिहाई की मांग पर अड़ी।
प्रतापगढ़। जिला मुख्यालय के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र से बुधवार को एक हाईवोल्टेज ड्रामा सामने आया। यहाँ चारु नर्सिंग होम के पास स्थित एक मोबाइल टावर पर एक युवती अचानक चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का लगाया था आरोप
पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच में पता चला है कि उक्त युवती ने अपने प्रेमी अंकित गौतम (पुत्र अशोक गौतम, निवासी ग्राम भैसाना, थाना महेशगंज, प्रतापगढ़) के खिलाफ थाना कुंडा में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया था। युवती की तहरीर पर कुंडा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 352 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी प्रेमी को बीती 24 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
अब प्रेमी को रिहा कराने की जिद पर अड़ी
हैरानी की बात यह है कि जिस प्रेमी को युवती ने खुद जेल भिजवाया था, अब उसी को जेल से छुड़वाने की मांग को लेकर वह टावर पर चढ़ गई। मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी युवती को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटे हैं। खबर लिखे जाने तक बचाव कार्य जारी था।








