ABK24NEWS
प्रतापगढ़। सदर क्षेत्र के ग्राम सभा कमास में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा व्यास आचार्य श्री वेंकटेश जी महाराज ने ‘वामन अवतार’ के प्रसंग का सजीव वर्णन करते हुए भक्तों को भावविभोर कर दिया।
संगीमय कथा के बीच आचार्य ने कहा कि जब असुरों के बढ़ते प्रभाव से देवता विचलित हुए, तब प्रभु ने वामन रूप धारण कर उनका कल्याण किया। महाराज बलि की महिमा का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि गुरु शुक्राचार्य के समझाने के बाद भी बलि अपने धर्म से विचलित नहीं हुए। बलि ने गर्व से कहा कि यदि स्वयं नारायण उनके द्वार पर वामन रूप में आए हैं, तो उनका स्वागत है। तीन पग भूमि के संकल्प में पृथ्वी लोक सहित स्वयं को प्रभु के चरणों में समर्पित करने वाले राजा बलि की दानवीरता अतुलनीय है।
इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य रूप से सदर विधायक राजेंद्र मौर्य ने शिरकत कर व्यास पीठ का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के आयोजक अवधेश पांडेय व श्रीमती विमला पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर सुनील पाण्डेय, विनोद, ग्राम प्रधान राम बरन मौर्य, आचार्य राजेंद्र प्रसाद पाण्डेय, अतुल, शिव कुमार, अरुण, अजय, सचिन सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। भजनों की धुन पर भक्त देर शाम तक झूमते रहे।








