ABK24NEWS
प्रतापगढ़। जनपद का चिलबिला कोर्ट परिसर इन दिनों आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर है। गुप्त नवरात्रि के पावन अवसर पर अभय सिंह “लल्ला” के संयोजन में आयोजित नौ दिवसीय रुद्र चंडी महायज्ञ से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। वैदिक ऋचाओं और मंत्रों के शंखनाद के बीच भगवान शिव और मां विंध्यवासिनी की आराधना की जा रही है।
अध्यात्म और लोक कल्याण का संगम
प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी अभय सिंह “लल्ला” द्वारा आयोजित यह अनुष्ठान 19 जनवरी से अनवरत जारी है। यज्ञ के संयोजक अभय सिंह ने बताया कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और समाज में सकारात्मक ऊर्जा के संचार के उद्देश्य से यह आयोजन किया जाता है।
विद्वान ब्राह्मणों द्वारा अनुष्ठान
अचकारी बेलवार निवासी प्रकांड विद्वान पंडित वरुण मिश्र के नेतृत्व में 11 कर्मकांडी ब्राह्मणों की टोली विधि-विधान से पूजन संपन्न करा रही है। सुबह 8 बजे से सायंकाल 7 बजे तक चलने वाले इस महायज्ञ में आहुतियों से वातावरण शुद्ध और ऊर्जामय बना हुआ है।
27 जनवरी को होगी पूर्णाहुति
आचार्य पंडित वरुण मिश्र ने बताया कि गुप्त नवरात्रि में शिव और शक्ति की संयुक्त उपासना का विशेष फल मिलता है। रुद्र चंडी महायज्ञ को जनकल्याण के लिए अत्यंत फलदायी माना गया है। इस भव्य अनुष्ठान का समापन आगामी 27 जनवरी को पूर्णाहूति एवं विशाल भंडारे के साथ होगा।








