ABK24NEWS (विनय पाठक)
- मुख्य अतिथि जिला सेवायोजन अधिकारी अनुभव त्रिपाठी ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ
- खेलकूद से होता है सर्वांगीण मानसिक व शारीरिक विकास: अनुभव त्रिपाठी
प्रतापगढ़। चिलबिला स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रांगण में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘पराक्रम-2025-26’ का अत्यंत हर्षोल्लास के साथ शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सेवायोजन अधिकारी अनुभव त्रिपाठी ने माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री त्रिपाठी ने छात्रों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने खेल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यक्तित्व के निर्माण में खेलकूद अनिवार्य हैं, क्योंकि इनसे न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास भी होता है। उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि वे प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अनुशासित रहकर अपनी प्रतिभा को निखारें और अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
इससे पूर्व, संस्था के प्रधानाचार्य संतोष कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया और वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संस्थान की उपलब्धियों को साझा किया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई। एनसीसी कैडेट्स और छात्र-छात्राओं ने शानदार मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।
प्रतियोगिताओं के परिणाम:
उद्घाटन सत्र के बाद आयोजित 100 मीटर दौड़ और भाला फेंक प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने अपना दम-खम दिखाया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को मुख्य अतिथि ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन पुस्तकालयाध्यक्ष देवेन्द्र श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर क्रीड़ा प्रभारी राम सिंह, क्रीडा अधिकारी कपिल देव साहू, विभागाध्यक्ष (यांत्रिक) अर्चना भारती सहित संस्था के समस्त शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।









