ABK24NEWS
प्रतापगढ़। जूनियर बार एसोसिएशन (पुरातन), प्रतापगढ़ में चुनावी सुगबुगाहट के बीच एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। एसोसिएशन की ‘एल्डर कमेटी’ ने मॉडल बायलॉज की धाराओं का हवाला देते हुए वर्तमान कार्यकारिणी को अस्तित्व विहीन घोषित कर दिया है और चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने का संकल्प दोहराया है। एल्डर कमेटी के चेयरमैन श्री देव नारायण शुक्ल ने एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि वर्तमान कार्यकारिणी द्वारा मॉडल बायलॉज की धारा 54 का उल्लंघन किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मॉडल बायलॉज की धारा 18 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए एल्डर कमेटी ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की है। चेयरमैन ने आरोप लगाया कि पुरानी कार्यकारिणी, जिसका एक वर्ष का कार्यकाल पूर्ण हो चुका है, अब अस्तित्व में नहीं है। इसके बावजूद कार्यकारिणी के सदस्य अधिवक्ताओं को भ्रमित करने और संगठन को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि निवर्तमान पदाधिकारियों ने पूर्व में शपथ पत्र भी दिया था कि कार्यकाल पूरा होते ही चुनाव की घोषणा कर दी जाएगी।एल्डर कमेटी ने सम्मानित मतदाताओं और अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया है कि चुनाव निर्धारित तिथि और समय पर ही संपन्न होंगे। उन्होंने अपील की है कि अधिवक्ता साथी किसी भी प्रकार के भ्रम में न आएं और संगठन की गरिमा बनाए रखने के लिए एल्डर कमेटी व चुनाव समिति का सहयोग करें। प्रेस वार्ता के दौरान एल्डर कमेटी के सदस्य जगत बहादुर सिंह, श्रीनाथ गुप्त, मो. रफीक खां, राधेश्याम मिश्र, सूर्यकान्त मिश्र (निराला) और न्यासी मंडल के अध्यक्ष भूपेन्द्र नाथ शुक्ल उपस्थित रहे। इनके अलावा पूर्व अध्यक्षगणों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं जिनमें ओम प्रकाश मिश्र, सुरेश नारायण तिवारी, राजेन्द्र सिंह जरियारी, विजय शंकर त्रिपाठी, हरिकेश नारायण तिवारी, विनोद पाण्डेय सहित अन्य गणमान्य सदस्य शामिल रहे।








