इंदिरा कप क्रिकेट प्रतियोगिता: प्रयागराज और अल्फा बेड क्रिकेट क्लब की शानदार जीत, अगले चरण में बनाई जगह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ABK24NEWS 

प्रतापगढ़। स्पोर्ट्स स्टेडियम जिला खेल कार्यालय में प्रियंका गांधी जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘इंदिरा कप क्रिकेट प्रतियोगिता’ के तीसरे दिन प्रयागराज क्रिकेट क्लब और अल्फा बेड क्रिकेट क्लब ने अपने विरोधियों को शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया। आज के मैचों के मुख्य अतिथि पूर्व अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी सचिन शुक्ला रहे। दिन का पहला मुकाबला भदोही और प्रयागराज के बीच खेला गया। भदोही ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, जो प्रयागराज के गेंदबाजों ने गलत साबित कर दिया। भदोही की पूरी टीम 18.3 ओवर में महज 101 रनों पर ढेर हो गई। प्रयागराज की ओर से आदित्य, अवनीश और सागर ने 3-3 विकेट लेकर कमर तोड़ दी। जवाब में प्रयागराज ने हमजा (27), अब्दुल (23) और सूरज (20) की पारियों की बदौलत 17.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। भदोही के ऋतिक राय के 4 विकेट भी उनकी टीम को हार से नहीं बचा सके। शानदार गेंदबाजी के लिए आदित्य को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरा मैच अल्फा बेड और जेसीएफ क्रिकेट क्लब के बीच हुआ। अल्फा बेड ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 147 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आर्यन शुक्ला (43) और उमेश वर्मा (38) ने बेहतरीन बल्लेबाजी की। जेसीएफ के लिए सौरभ ने 2 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेसीएफ की टीम अल्फा बेड की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं पाई और मात्र 10 ओवरों में 75 रनों पर सिमट गई। अल्फा बेड के उमेश वर्मा ने 4 विकेट और आदित्य ने 3 विकेट झटके। उमेश वर्मा को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके पर आयोजन सचिव दुर्गेश तिवारी, वरिष्ठ खिलाड़ी अनुज श्रीवास्तव, विनीत मिश्रा, ऋतिक श्रीवास्तव और मनीष प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। मैचों के दौरान विवेक गौर और अभिषेक सोनी ने अंपायर तथा सैफ ने स्कोरर की जिम्मेदारी निभाई।

ABK 24 News
Author: ABK 24 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें