राज्यस्तरीय इंदिरा कप क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार आगाज, कुंडा की टीम विजयी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ABK24NEWS (विनय पाठक)।

  • प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस खेलकूद प्रकोष्ठ का आयोजन, सूरज भान ने जड़ा शानदार शतक।

प्रतापगढ़। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम, प्रतापगढ़ में ‘राज्यस्तरीय इन्दिरा कप क्रिकेट टूर्नामेंट’ का भव्य शुभारंभ हुआ। कांग्रेस खेलकूद प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष दुर्गेश तिवारी के संयोजन में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि कांग्रेस स्नातक एमएलसी प्रत्याशी डॉ. देवमणि तिवारी, जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी एवं विशिष्ट अतिथि जिला महासचिव हलीम खान ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उद्घाटन के दौरान डॉ. देवमणि तिवारी व डॉ. नीरज त्रिपाठी ने प्रियंका गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि, “प्रियंका जी संवेदनशीलता, साहस और संघर्ष की राजनीति की सशक्त आवाज़ हैं। उनकी जनपक्षधर दृष्टि और सामाजिक न्याय के प्रति अडिग प्रतिबद्धता लोकतंत्र को निरंतर मजबूती प्रदान करती है।” वहीं विशिष्ट अतिथि हलीम खान ने उन्हें गरीबों, वंचितों और महिलाओं की बुलंद आवाज बताया। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में बीएसएस क्रिकेट अकादमी कुंडा और गंगा डिग्री कॉलेज की टीमें आमने-सामने थीं। कुंडा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 201 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से सूरज भान ने 112 रनों की आतिशी शतकीय पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गंगा डिग्री कॉलेज की टीम कड़ी मशक्कत के बाद 194 रन ही बना सकी और कुंडा ने मैच अपने नाम कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए सूरज भान को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। मैच में विवेक गौड़ और रमन चौरसिया ने अंपायर तथा सैफ ने स्कोरर की भूमिका निभाई। मैच के समापन के पश्चात खेलकूद प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्टेडियम में ही केक काटकर अपनी नेता प्रियंका गांधी का जन्मदिन मनाया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर मुख्य रूप से वेदान्त तिवारी, रामशिरोमणि वर्मा, विजय शंकर त्रिपाठी, रियाज सुल्तान, रवि सिन्हा, लोहा सिंह, संतोष तिवारी, रहमान नेता, सरोज कश्यप, सुरेश मिश्र, सुधीर तिवारी, शैलेन्द्र सिंह, अरबाज आलम, कृष्ण बिहारी शुक्ल, शुभम शुक्ल, राहुल सरोज, सद्दाम अहमद सहित सैकड़ों कार्यकर्ता व खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

ABK 24 News
Author: ABK 24 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें