- नगर कीर्तन में उमड़ा जनसैलाब, गतका पार्टी के हैरतअंगेज करतबों ने मोहा मन
ABK24NEWS (विनय पाठक)
प्रतापगढ़। दसमेश पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का 359वां प्रकाश पर्व शनिवार को जनपद में पूरी श्रद्धा, हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। गुरुद्वारा श्री गुरु नानक शाही बाबागंज में आयोजित मुख्य समारोह में सुबह से ही संगत की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर भव्य नगर कीर्तन निकाला गया, जिससे पूरा शहर ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

कीर्तन दरबार में निहाल हुई संगत:
गुरुद्वारा साहिब में सुबह 9:00 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति हुई। इसके उपरांत सजे दीवान में हजूरी रागी भाई विपिन प्रीत सिंह, सतनाम सिंह, बीबी मंजीत कौर, गुरप्रीत कौर और अखंड सिंह ने मधुर शब्द कीर्तन से संगत को भावविभोर कर दिया। राजस्थान से पधारे भाई मोहन सिंह के जत्थे ने गुरु इतिहास का वर्णन कर गुरु साहिब के त्याग और बलिदान को याद किया।

जिलाधिकारी ने टेका मत्था:
कार्यक्रम में जनपद के जिलाधिकारी श्री शिव सहाय अवस्थी ने गुरुद्वारा पहुंचकर गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेका और आशीर्वाद लिया। गुरुद्वारा के प्रमुख ज्ञानी विपिन प्रीत सिंह ने उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। अरदास के बाद गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया, जिसे सभी ने एक पंगत में बैठकर ग्रहण किया।
भव्य नगर कीर्तन और मार्शल आर्ट का प्रदर्शन:
शाम 4:00 बजे श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया और पंच प्यारों के नेतृत्व में विशाल नगर कीर्तन निकाला गया। हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे और पंजाबी पाइप बैंड की धुनों ने समां बांध दिया। नगर कीर्तन का मुख्य आकर्षण पंजाब से आई ‘दलेर खालसा’ गतका पार्टी रही, जिसने चौक घंटाघर पर एक घंटे तक हैरतअंगेज मार्शल आर्ट का प्रदर्शन कर लोगों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया।

विभिन्न मार्गों से गुजरी शोभायात्रा:
फूलों से सजे भव्य रथ पर सवार गुरु ग्रंथ साहिब की शोभायात्रा बाबागंज से शुरू होकर निर्मल पैलेस तिराहा, चौक घंटाघर, श्रीराम तिराहा और राजा पाल टंकी होते हुए रात्रि 9:00 बजे पंजाबी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा पहुंचकर संपन्न हुई। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सिख समाज के सभी प्रतिष्ठान बंद रहे।

इनकी रही उपस्थिति:
इस भव्य आयोजन में मुख्य रूप से मंजीत सिंह छाबड़ा, करमजीत सिंह, कुलदीप सिंह, परमजीत सिंह ‘गोरे बाबू’, सुरजीत सिंह, रविंद्र सिंह रिंकू, सोनू सरबजीत सिंह, परम प्रीत सिंह, जगमीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, हरप्रीत सिंह सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी सरदार मंजीत सिंह गोबिंद ने दी।








