प्रतापगढ़ जनपद न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन: रिकॉर्ड 1,47,568 मामलों का हुआ निपटारा, 25 टूटे परिवारों को मिला नया जीवन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विनय पाठक:

प्रतापगढ़ (ABK24NEWS)। जनपद न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राजीव कमल पाण्डेय ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जनपद न्यायाधीश राजीव कमल पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को वर्षों पुराने मुकदमों से मुक्ति दिलाने का सबसे सुलभ और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी न्यायिक अधिकारियों को आपसी सुलह-समझौते के आधार पर अधिक से अधिक मुकदमों का निस्तारण करने के निर्देश दिए ताकि वादकारियों को त्वरित और सुलभ न्याय मिल सके।

मुकदमों के निस्तारण में बना नया कीर्तिमान

लोक अदालत के दौरान कुल 1,47,568 वादों का निस्तारण कर ऐतिहासिक सफलता हासिल की गई:

प्रशासनिक व अन्य मामले: कलेक्ट्रेट प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा 1,40,176 मामले, यातायात कार्यालय द्वारा 1,336 और श्रम कार्यालय द्वारा 168 वादों का निस्तारण हुआ।

न्यायिक व विभागीय मामले: 4,108 फौजदारी वाद, 623 बैंक ऋण मामले, 900 विद्युत विभाग के वाद, 95 वैवाहिक वाद, 74 मोटर दुर्घटना वाद, 69 सिविल वाद, 14 बीएसएनएल वाद, 4 एनआई एक्ट और 2 स्थायी लोक अदालत के मामले सुलझाए गए।

करोड़ों रुपये के प्रतिकर व बकाये का समझौता

मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति: मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी कुशल पाल द्वारा 74 मामलों में पीड़ित पक्षकारों को बीमा कंपनियों से 5,78,60,000 रुपये (पौने छह करोड़ से अधिक) का प्रतिकर दिलाया गया।

बैंक व अन्य वसूली: बैंक ऋण के 623 मामलों में 6,28,11,913 रुपये का समझौता हुआ। फौजदारी वादों में 3,44,810 रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया, जबकि बीएसएनएल के मामलों में 17,083 रुपये का निस्तारण हुआ।

25 बिखरे परिवारों का हुआ पुनर्मिलन

पारिवारिक न्यायालय की प्रधान न्यायाधीश श्रीमती रीता गुप्ता और अपर प्रधान न्यायाधीश छोटे लाल यादव की पहल से वैवाहिक विवाद के 95 मामलों का निस्तारण किया गया। इसमें सबसे सुखद पहलू यह रहा कि आपसी मनमुटाव भूलकर 25 जोड़े एक साथ रहने को राजी हुए, जिनकी न्यायालय परिसर से ही ससम्मान विदाई कराई गई।

इनकी रही गरिमामय उपस्थिति

कार्यक्रम का सफल संयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शाम्भवी (द्वितीय) ने किया, जबकि नोडल अधिकारी श्रीमती अंकिता दुबे ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष राम नारायण, समस्त न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्ता संगठनों के पदाधिकारी, मध्यस्थगण, पैनल अधिवक्ता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, पीएलवी और न्यायालय कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में ई-सेवा केंद्र के तकनीकी स्टाफ (जीतेंद्र कुमार मिश्र व राम चंद्र यादव) और यातायात पुलिस विभाग का विशेष योगदान रहा।

ABK 24 News
Author: ABK 24 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें