ABK24NEWS
- अस्पताल में मिलीं तमाम खामियां; ठंडे पानी और सफाई व्यवस्था पर भड़के डीएम, जन औषधि केंद्र के स्टॉक की जांच के आदेश
प्रतापगढ़। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने शुक्रवार को जिला मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। इस अचानक हुई कार्रवाई से अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एक तरफ जहाँ स्वास्थ्य सेवाओं, तीमारदारों को मिलने वाली सुविधाओं और हीटवेव से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया, वहीं दूसरी तरफ अस्पताल की व्यवस्थाओं में कई गंभीर कमियां भी पकड़ीं, जिस पर उन्होंने जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
बाहर की दवा लिखने पर भड़के डीएम, स्टॉक जांच के आदेश
औचक निरीक्षण के दौरान अस्पताल में बाहर से दवाइयां लिखे जाने का एक गंभीर प्रकरण जिलाधिकारी के सामने आया। एक मरीज ने सीधे डीएम से अस्पताल में दवा न मिलने की शिकायत की। मरीजों के पर्चों का अवलोकन करने पर शिकायत सही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित डॉक्टरों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि मरीजों को अस्पताल के अंदर की दवाएं ही लिखी जाएं; भविष्य में बाहर की दवा लिखने की शिकायत मिली तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, जन औषधि केंद्र पर दवा का स्टॉक ना के बराबर मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए पूरे दवा स्टॉक की तत्काल जांच के आदेश दिए।
भीषण गर्मी में पानी के लिए भटक रहे मरीज, सफाई ठप
भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच अस्पताल में ठंडे पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था न मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी आपत्ति जताई। हालात यह थे कि मरीज और उनके परिजन बाहर से ठंडा पानी खरीदने को मजबूर दिखे। इसके अलावा अस्पताल परिसर की साफ-सफाई में भी तमाम खामियां मिलीं। डीएम ने अस्पताल प्रशासन को पेयजल और सफाई व्यवस्था को तत्काल युद्धस्तर पर सुधारने के कड़े निर्देश दिए।
मरीजों से किया सीधा संवाद, किचन की जांची गुणवत्ता
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी विभिन्न वार्डों में गए और भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उपचार, डॉक्टरों की उपलब्धता और भोजन व्यवस्था की जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि डॉक्टर नियमित रूप से आ रहे हैं और भोजन भी समय पर मिल रहा है। इसके बाद डीएम ने पेशेंट किचन और भोजन स्टोर रूम का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता देखी और उसे सुव्यवस्थित तरीके से रखने के निर्देश दिए।

हीटवेव कोल्ड रूम का निरीक्षण, बीमार बच्ची को कराया भर्ती
बढ़ते तापमान को देखते हुए जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज में विशेष रूप से बनाए गए हीटवेव कोल्ड रूम का भी जायजा लिया। इमरजेंसी वार्ड के निरीक्षण के दौरान लू (हीटवेव) से पीड़ित एक बीमार बच्ची मिली, जिसे जिलाधिकारी ने तत्काल हीटवेव कोल्ड रूम में भर्ती कराने के निर्देश दिए। उन्होंने डॉक्टरों को हिदायत दी कि हीटवेव के मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. ए.एन. प्रसाद सहित मेडिकल अफसर और अस्पताल का स्टाफ मौजूद रहा।








