वसुधैव कुटुंबकम्’ की अवधारणा ही वैश्विक परिवार का आधार : ओम प्रकाश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ABK24NEWS (विनय पाठक)

  • एमडीपीजी कॉलेज में नेताजी की जयंती की पूर्व संध्या पर ‘कर्तव्य बोध दिवस’ व ‘युवा सम्मेलन’ आयोजित

प्रतापगढ़। मुनीश्वरदत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बुधवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती की पूर्व संध्या पर भव्य युवा सम्मेलन और ‘कर्तव्य बोध दिवस’ का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (उच्च शिक्षा संवर्ग) रज्जूभैया विश्वविद्यालय इकाई द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व का संकल्प दिलाया गया।
​सम्मेलन के मुख्य वक्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक ओम प्रकाश ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस और स्वामी विवेकानंद युवाओं के वास्तविक प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि “वसुधैव कुटुंबकम” मात्र एक नारा नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक दृढ़ता है जो पूरे विश्व को एक परिवार मानती है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति को तेज, शौर्य, ज्ञान और विवेक से युक्त होना चाहिए। राष्ट्र प्रथम का भाव ही नागरिक का सर्वोपरि धर्म है। मुख्य वक्ता ने समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए ‘पंच परिवर्तन’ का मंत्र दिया, जिसमें कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य और ‘स्व’ का बोध शामिल है। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में युवाओं की भूमिका निर्णायक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य प्रो. शैलेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि आज का युवा अपनी सांस्कृतिक जड़ों की ओर लौट रहा है। यही राष्ट्र भाव भारत को पुनः ‘विश्व गुरु’ के पद पर प्रतिष्ठित करेगा। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. सौरभ पाण्डेय ने युवाओं को संस्कारवान और धर्म-संस्कृति के प्रति समर्पित होने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री सुरेंद्र प्रसाद पांडेय ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रो. अरविंद मिश्र, प्रो. किरन मिश्रा, प्रो. राजेंद्र प्रसाद मिश्र, डॉ. शैलेश पांडेय, डॉ. सीमा मिश्रा, डॉ. राहुल यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

ABK 24 News
Author: ABK 24 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें