ABK24NEWS
प्रतापगढ़ । जनपद की प्रशासनिक व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने मंगलवार को तहसील कुण्डा का औचक निरीक्षण किया। डीएम के इस कड़े तेवर और सघन जांच से तहसील परिसर में दिनभर हड़कंप मचा रहा। निरीक्षण के दौरान कार्यों में भारी लापरवाही और अनियमितता पाए जाने पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार कुण्डा के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के कड़े निर्देश दिए हैं।
तहसीलदार न्यायालय में मिलीं गंभीर कमियां
जिलाधिकारी ने तहसीलदार न्यायालय के अभिलेखों की जब गहन समीक्षा की, तो अव्यवस्थाओं का अंबार मिला। जांच में सामने आया कि:
- अनेक फाइलों में मूल प्रार्थना पत्र ही गायब थे।
- लेखपाल के बयान होने के बावजूद आदेश महीनों से टाइप होकर धूल फांक रहे थे।
- कई पत्रावलियों पर लेखपाल के हस्ताक्षर तक नहीं थे।
- सबसे गंभीर विषय यह रहा कि कुछ पत्रावलियों में वादकारियों के सादे कागज पर हस्ताक्षर पाए गए, जिसे डीएम ने अत्यंत आपत्तिजनक माना।
इन अनियमितताओं पर बिफरते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
लंबित फाइलों पर भड़के डीएम
राजस्व पटल, खतौनी कक्ष और रिकॉर्ड रूम की जांच के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि कई पत्रावलियाँ वर्षों से लंबित हैं। उन्होंने उपजिलाधिकारी (SDM) कुण्डा को सख्त हिदायत दी कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता पर निस्तारण करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित पटल प्रभारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्राथमिक विद्यालय में ‘गुरुजी’ की भूमिका में दिखे डीएम
तहसील जाने से पूर्व जिलाधिकारी ने विकास खंड बाबागंज के प्राथमिक विद्यालय राजापुर का औचक निरीक्षण किया। यहाँ डीएम का एक अलग ही रूप देखने को मिला। उन्होंने कक्षा में जाकर बच्चों से सवाल-जवाब किए। बच्चों के सही उत्तर देने पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की और खुद मिठाई बांटकर उनका उत्साहवर्धन किया।
हैंडपंप की खराबी पर बी़डीओ को फटकार:
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के हैंडपंप से दूषित पानी निकलता देख जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने खंड विकास अधिकारी (BDO) बाबागंज को आदेश दिया कि तत्काल पाइप की सफाई कराकर आज ही रिपोर्ट प्रेषित करें।
अधिवक्ताओं और फरियादियों से किया संवाद
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में अधिवक्ताओं और फरियादियों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना और मौके पर ही अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के आदेश दिए।
“न्यायिक और प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही बरतने वालों की जगह शासन में नहीं है। जनता को समय पर न्याय और सुविधाएं मिलना उनका अधिकार है, इसमें बाधा डालने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई जारी रहेगी।”
— शिव सहाय अवस्थी, जिलाधिकारी, प्रतापगढ़








