ABK24NEWS
दिलीपपुर (प्रतापगढ़)। थाना क्षेत्र के डॉलफिन पब्लिक स्कूल के सामने सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब खड़ी एक एक्सयूवी 300 कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि कार में कोई सवार नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
स्कूल प्रबंधक से मिलने पहुंचे थे कर्मचारी
जानकारी के अनुसार, प्रेमधरपट्टी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के कर्मचारी चंदन सोनकर किसी कार्यवश डॉलफिन पब्लिक स्कूल आए थे। उन्होंने अपनी एक्सयूवी 300 (XUV 300) कार को स्कूल के मुख्य गेट पर खड़ा किया और अंदर प्रबंधक से मिलने चले गए। अभी कुछ ही समय बीता था कि उन्हें सूचना मिली कि उनकी कार से लपटें निकल रही हैं।

100 मीटर दूर तक महसूस हुई तपन, झुलस गए पेड़
आग इतनी भीषण थी कि राहगीर और स्थानीय लोग करीब 100 मीटर दूर खड़े होकर मंजर देखते रहे। आग की लपटों की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्कूल के गेट के पास स्थित आम और नीम के पेड़ भी आग की तपिश से झुलस गए। कार से निकलता काला धुआं और उठती लपटें देख सड़क पर आवागमन भी कुछ देर के लिए थम गया।
देर से पहुंची फायर ब्रिगेड पर रोष
स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने के तुरंत बाद सूचना दी गई, लेकिन दमकल की गाड़ी करीब 45 मिनट देरी से पहुंची। जब तक फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, तब तक कीमती कार जलकर लोहे के कंकाल में तब्दील हो चुकी थी। शॉर्ट सर्किट को आग लगने का प्राथमिक कारण माना जा रहा है।








