माघ मेला में परिवहन विभाग 3800 डीजल बसों सहित शटल बसों का भी करेगा संचालन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ABK24NEWS

  • परिवहन निगम की अध्यक्षता में माघ मेला-2026 में रोडवेज बस मूवमेन्ट प्लान को लेकर की गयी गहन समीक्षा।

प्रयागराज। माघ मेला-2026 में रोडवेज बस मूवमेन्ट प्लान की समीक्षा बैठक प्रभु एन0 सिंह, प्रबन्ध निदेशक, परिवहन निगम मुख्यालय, लखनऊ की अध्यक्षता एवं मण्डलायुक्त सौम्या अग्रवाल, पुलिस आयुक्त जोगेन्द्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त डॉ0 अजय पाल शर्मा व मेलाधिकारी माघ मेला ऋषिराज की उपस्थिति में प्रयागराज मेला प्राधिकरण के आई0सी0सी0सी0 सभागार में शुक्रवार को आयोजित हुई। माघ मेला 2025-26, महाकुम्भ 2025 के पश्चात आयोजित हो रहा है। महाकुम्भ 2025 में अत्यधिक संख्या में श्रद्धालुओं/स्नानार्थियों का आगमन हुआ था। माघ मेला 2025-26 में भी आगन्तुक श्रद्धालुओं/स्नानार्थियों की संख्या में वृद्धि होने की सम्भावना है। उ0प्र0 राज्य सड़क परिवहन निगम के द्वारा श्रद्धालुओं/स्नानार्थियों के अर्न्तजनपदीय आवागमन हेतु कुल 3800 बसों (डीज़ल बस) के संचालन का प्रस्ताव दिया गया है। उक्त 3800 बसों में से 200 बसें आवश्यकतानुसार प्रयागराज जनपद के भीतर अथवा अर्न्तजनपदीय मार्गों पर संचालित किये जाने हेतु आरक्षित रखने का प्रस्ताव है। उक्त 3800 बसें प्रयागराज एवं आस पास के अन्य परिक्षेत्रों से प्राप्त कर संचालित करना प्रस्तावित है।
माघ मेला-2025-26 में बसों के संचालन हेतु अस्थाई बस स्टेशन स्थापित किये जाने हेतु कानपुर मार्ग पर नेहरू पार्क, लखनऊ/अयोध्या मार्ग पर बेला कछार, रीवां/चित्रकूट/मिर्जापुर मार्ग पर लेप्रोसी तथा गोरखपुर/वाराणसी मार्ग पर झूॅसी के साथ-साथ मुख्य पर्वो पर एक और अस्थाई बस स्टेशन स्थापित किये जाने हेतु भूमि चयन किये जाना प्रास्तावित है। विभिन्न संशाधनों से  आने वाले श्रद्धालुओं/स्नानार्थियों को संगम स्नान हेतु ज्यादा न चलना पडे़, इस उद्देश्य से माघ मेला 2025-26 में प्रथम बार शटल बसों के संचालन का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। नगरीय परिवहन निदेशालय, लखनऊ एवं रोडवेज के द्वारा माघ मेला 2025-26 के दौरान सामान्य दिवसों पर निर्धारित स्थलों से 100 शटल बसों के संचालन का प्रस्ताव दिया गया है। इन 100 शटल बसों में से 50 इलेक्ट्रिक शटल बसें प्रयागराज में उपलब्ध है एवं अतिरिक्त 25 ई-शटल बसों का अन्य जनपदों की एसपीवी से तथा 25 डीजल बसें रोडवेज से आपूर्ति किया जाना प्रस्तावित है। माघ मेला 2025-26 के दौरान मुख्य पर्वों पर निर्धारित स्थलों से 275 शटल बसों के संचालन का प्रस्ताव दिया गया है। इन 275 शटल बसों में से 50 इलेक्ट्रिक शटल बसें प्रयागराज में उपलब्ध है एवं अतिरिक्त 25 ई-शटल बसों का अन्य जनपदों की एसपीवी से तथा 200 डीजल बसें रोडवेज से आपूर्ति किया जाना प्रस्तावित है।

  • माघ मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन प्रमुख स्नान पर्वों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री करेगा बंद

प्रयागराज। अगले वर्ष की शुरुआत में लगने वाले माघ मेले में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं का ट्रेनों से आवागमन होगा। इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अब माघ मेले के प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक लगाने की तैयारी की है ताकि स्टेशन पर सिर्फ यात्रियों का ही आवागमन हो। पिछले सप्ताह दौरे पर प्रयागराज आए सीएम योगी ने कहा था कि माघ मेले में 15 करोड़ लोगों के आने की संभावना है। इसे को देखते हुए सभी विभाग अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दें। मेला प्राधिकरण कार्यालय में सीएम ने रेलवे से भी विशेष तैयारी करने को कहा था। माघ मेला के दौरान लाखों लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यह तकरीबन तय कर लिया है स्नान पर्वों के दौरान प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री नहीं की जाएगी। इस दौरान सिर्फ जनरल और आरक्षित टिकट धारक यात्रियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। ऐसा करने से कुछ हद तक भीड़ पर नियंत्रण किया जा सकेगा। बता दें महाकुंभ के दौरान भी कई दिवसों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक लगाई गई थी। महाकुंभ की तर्ज पर ही माघ मेला में भी रेलवे प्रशासन प्रमुख स्नान पर्वों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद करने की तैयारी में है। सामान्य दिनों में अगर यात्रियों की भीड़ बढ़ती है तो भी प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री नहीं होगी। इस बारे में प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह का कहना है कि माघ मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रमुख स्नान पर्वों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री न करने पर विचार किया जा रहा है।

ABK 24 News
Author: ABK 24 News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें